मानगो नगर निगम द्वारा विजया ग्रीन अर्थ कॉलोनी, डिमना रोड के निवासियों के नाम पर गलत तरीके से पानी के बिल जारी किए जा रहे हैं। कॉलोनी में पानी के कुल दो कनेक्शन हैं, जिनसे पूरे फ्लैट और डुप्लेक्स में पानी की आपूर्ति की जाती है। इसके अलावा 3 कनेक्शन उन प्लॉट मालिकों के लिए हैं जिन्होंने अपने मकान बनाए हैं।
वर्ष 2016 में निगम द्वारा पानी कनेक्शन के लिए आवेदन मांगे गए थे, जिसमें लगभग 158 निवासियों ने आवेदन कर शुल्क जमा किया था। बाद में निगम ने फ्लैटों में व्यक्तिगत कनेक्शन देने से मना करते हुए संप बनाकर सामूहिक जल आपूर्ति की व्यवस्था करने को कहा। वर्तमान में इन्हीं दो कनेक्शनों से संप में पानी की आपूर्ति की जा रही है, जिसका भुगतान कॉलोनीवासी कर रहे हैं।
इसके बावजूद वर्ष 2024 से इन 158 निवासियों के नाम पर भी अलग-अलग पानी के बिल जारी किए जा रहे हैं, जबकि उन्हें कोई व्यक्तिगत कनेक्शन नहीं दिया गया है। इस संबंध में 2024 और 2025 में मानगो नगर निगम को विजया ग्रीन अर्थ फ्लैट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने आवेदन देकर गलत बिल हटाने का अनुरोध किया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
कॉलोनीवासियों ने निगम से जल्द से जल्द इन गलत बिलों को निरस्त करने की मांग की है।
