: जमशेदपुर : चार दिनों से लापता युवक का शव स्वर्णरेखा नदी में गुरुवार को मिला। इसके साथ ही परिवार मे कोहराम मच गया। मानगो में संकोसाईं के श्यामनगर से लापता 24 वर्षीय प्रदीप साहू का शव नदी में उतराया हुआ था। इसका पता तब चला, जब स्थानीय लोग सुबह निजी कार्य से श्याम नगर के छठ घाट पर पहुंचे। नदी किनारे जब लोग गए तो उन्होंने प्रदीप के शव को पानी के ऊपर उतराते हुए देखा। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना उलीडीह थाने को दी। परिवार के लोगों ने इसकी सूचना भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को दी। सूचना मिलते ही विकास सिंह पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक व्यक्त करते हुए कड़ी से कड़ी कार्रवाई कराने का भरोसा दिया। परिजनों ने बताया कि रविवार के दिन उसके तीन साथी प्रदीप को ले गए थे। तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हीं तीनों ने मिलकर प्रदीप की जघन्य हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया था।
