झुमरी तिलैया में बेटियों की शादी व मृत्यु भोज में अब टैंकर पानी मुफ्त, अध्यक्ष रमेश हर्षधर ने संभाला पदभार

 

पहली बोर्ड बैठक में टैक्स कटौती का प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजने की तैयारी

झुमरी तिलैया नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश हर्षधर ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। नगर परिषद कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी अंकित गुप्ता और सिटी मैनेजर लेमांशु कुमार ने उन्हें गुलदस्ता देकर स्वागत किया तथा शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कार्यालय परिसर में समर्थकों, पार्षदों और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी से उत्साह और राजनीतिक हलचल का माहौल देखने को मिला।
पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में अध्यक्ष रमेश हर्षधर ने शहरवासियों को राहत देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब नगर परिषद क्षेत्र में बेटियों की शादी के अवसर पर पानी का टैंकर मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा। पहले एक टैंकर के लिए एक हजार रुपये शुल्क लिया जाता था और तीन दिनों तक कार्यक्रम रहने पर यह राशि लगभग तीन हजार रुपये तक पहुंच जाती थी। अब नगर परिषद की ओर से इस शुल्क को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि मृत्यु भोज जैसे सामाजिक कार्यक्रमों में भी टैंकर के पानी के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा और नगर परिषद की ओर से पानी मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा। अध्यक्ष ने कहा कि इस फैसले का उद्देश्य सामाजिक आयोजनों में आम लोगों की आर्थिक परेशानियों को कम करना है।अध्यक्ष रमेश हर्षधर ने नगर परिषद क्षेत्र में टैक्स के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि झुमरी तिलैया अभी पूरी तरह विकसित शहर नहीं है, इसके बावजूद यहां राज्य में सबसे अधिक टैक्स लिया जा रहा है, जो अव्यावहारिक और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि झंडा चौक जैसे मुख्य क्षेत्र तो दिखाई देते हैं, लेकिन उसके आसपास के कई इलाके आज भी गांव जैसे हैं, जहां रहने वाले लोगों के लिए इतना अधिक टैक्स देना मुश्किल है।
उन्होंने बताया कि इस विषय पर पहली बोर्ड बैठक में विस्तार से चर्चा की जाएगी और टैक्स कटौती का प्रस्ताव बनाकर विभागीय मंत्री तथा मुख्यमंत्री के पास भेजा जाएगा। उन्होंने सभी पार्षदों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे राजनीतिक मतभेद से ऊपर उठकर शहर के हित में एकजुट होकर काम करें, ताकि नगर परिषद क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।
अध्यक्ष ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य शहर के समग्र विकास के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना है। साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
पदभार ग्रहण के बाद दिन में लगभग तीन बजे नगर परिषद द्वारा संचालित पुस्तकालय के सभागार में एक परिचयात्मक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर परिषद के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष मनोहर कुमार राम सहित सभी पार्षद उपस्थित रहे। इसके अलावा अध्यक्ष के कई समर्थक और स्थानीय गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का परिचय कराया गया और उन्हें सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने उम्मीद जताई कि नई टीम के नेतृत्व में झुमरी तिलैया नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और शहर की बुनियादी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जाएगा।

Share this News...