सिदो कान्हू जयंती: सीएम हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, बोले- उनका बलिदान आदिवासी अस्मिता अधिकार और सम्मान की लड़ाई का अमर प्रतीक

 

 

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अमर वीर शहीद सिदो कान्हू की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए उनके अदम्य साहस और बलिदान को याद किया. रांची के सिदो कान्हू पार्क स्थित वीर शहीदों की प्रतिमा पर सीएम और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने माल्यार्पण किया.

हूल विद्रोह के नायकों को किया गया याद

झारखंड के अमर शहीद की जयंती पर शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि हुल विद्रोह के महानायक अमर वीर शहीद सिदो कान्हू ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अन्याय, शोषण और अत्याचार के विरुद्ध जो ऐतिहासिक बिगुल फूंका, वह हम सभी को संघर्ष साहस और स्वाभिमान के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है. आज पूरे राज्य में वीर शहीदों की जयंती मनाई जा रही है. सीएम ने कहा कि वीर सिदो कान्हू का बलिदान केवल एक इतिहास नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता अधिकार और सम्मान की लड़ाई का अमर प्रतीक है.

आजादी में बहुत बड़ा योगदान

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड प्रदेश भारतवर्ष का एक ऐसा क्षेत्र है, जहां अनेक वीर सपूतों ने जन्म लिया. इस राज्य के आदिवासी तथा मूलवासियों ने जल, जंगल, जमीन की रक्षा एवं अपने हक-अधिकार की लड़ाई तब से लड़ी जब देश के लोगों ने आजादी का सपना नहीं देखा था. झारखंड के वीर सपूतों ने अलग-अलग समय काल में अपने दायित्वों एवं राज्य के प्रति अपने आप को समर्पित किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर शहीद सिदो कान्हू जयंती का यह शुभ दिन भारत के इतिहास के पन्नों में अमिट रूप से दर्ज है. आज के दिन हम सभी लोग वीर शहीद सिदो-कान्हू के संघर्ष, अदम्य साहस और उनके आदर्श को याद करते हैं. इन महान विभूतियों को उनके जयंती पर आज पूरे आदर और सम्मान के साथ अलग-अलग जगहों पर स्थापित उनकी प्रतिमा, तस्वीर, जन्मस्थली तथा शहादत स्थल पर लाखों की संख्या में लोग भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें शत-शत नमन करते हैं.

Share this News...