मनोहरपुर संवाददाता: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा वन क्षेत्र में नक्सल विरोधी सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट में कोबरा 205 बटालियन का एक जवान घायल हो गया। घायल जवान की पहचान अनुज कुमार के रूप में हुई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह कोबरा बटालियन के जवान सारंडा के घने जंगलों में नक्सली ठिकानों की तलाश में अभियान चला रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) में विस्फोट हो गया, जिससे जवान घायल हो गया। घटना की पुष्टि पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने की है। उन्होंने बताया कि नक्सली अक्सर इस तरह के हमलों को अंजाम देते रहे हैं, जिसमें पहले भी कई निर्दोष ग्रामीणों की जान जा चुकी है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन को तेज कर दिया गया है। नक्सलियों की तलाश में अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों के अनुसार, घायल जवान की स्थिति खतरे से बाहर है और उसे मामूली चोटें आई हैं।
