प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से बात की. उन्हें ईद और नवरोज की शुभकामनाएं दीं. इस बातचीत को लेकर पीएम मोदी ने एक पोस्ट में लिखा, हमने उम्मीद जताई कि यह त्योहारों का मौसम पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि लेकर आएगा. क्षेत्र में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा की, जो क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा पैदा करते हैं और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं को बाधित करते हैं. नेविगेशन की स्वतंत्रता की रक्षा करने और यह सुनिश्चित करने के महत्व को दोहराया कि शिपिंग मार्ग खुले और सुरक्षित रहें. ईरान में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और संरक्षा के लिए ईरान के निरंतर समर्थन की सराहना की.
इससे पहले प्रधानमंत्री ने नवरोज के मौके पर लोगों को बधाई दी और समृद्धि एवं खुशी से भरे वर्ष की कामना की. पीएम मोदीने एक संदेश में कहा, नवरोज के विशेष अवसर पर शुभकामनाएं. समृद्धि और खुशी से भरे वर्ष की कामना करता हूं. सभी स्वस्थ रहें और सबकी आकांक्षाएं पूरी हों. नवरोज मुबारक!फारसी में नवरोज का अर्थ नया दिन होता है. यह वसंत के पहले दिन मनाया जाता है, जो पारसियों और ईरानी मूल के अन्य लोगों के नये साल की शुरुआत का प्रतीक है.
बीते दिन बहरीन के शाह से की थी बात
बात करें पश्चिम एशिया के मौजूदा संघर्ष के बीच पीएम की दुनिया के नेताओं से बातचीत की तो बीते दिन प्रधानमंत्री नेबहरीन के शाह हमद बिन ईसा अल खलीफा से बात की थी. इस दौरान पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की थी. साथ ही क्षेत्र में ऊर्जा और असैन्य बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा की थी.
प्रधानमंत्री ने बहरीन के शासक से टेलीफोन पर हुई बातचीत में नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने और जहाजरानी मार्गों को खुला एवं सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया था. इस बातचीत को लेकर पीएम ने एक पोस्ट में लिखा,बहरीन के शाह हमद बिन ईसा अल खलीफा के साथ सार्थक चर्चा हुई. मैंने उन्हें और बहरीन के लोगों को ईद-उल-फितर की हार्दिक शुभकामनाएं दीं.
संघर्ष के बीच दुनिया के इन नेताओं से कर चुके हैं बात
मोदी ने कहा, हमने पश्चिम एशियाई क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की. हमने क्षेत्र में ऊर्जा व असैन्य बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा की और वैश्विक खाद्य, ईंधन और उर्वरक सुरक्षा पर उनके प्रतिकूल प्रभाव पर बात की.प्रधानमंत्री ने बहरीन में भारतीय समुदाय की भलाई को लेकर निरंतर समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया.
अमेरिका और इजराइल द्वारा 28 फरवरी को ईरान पर हमले के बाद यह दूसरी बार था, जब पीएम मोदी ने बहरीन के शासक से बात की.संघर्ष शुरू होने के बाद से प्रधानमंत्री मोदी सऊदी अरब, जॉर्डन, यूएई, फ्रांस, मलेशिया, इजराइल और ईरान सहित कई अन्य विश्व नेताओं से भी बात कर चुके हैं
