नीमडीह : आग लगने से पांच – पांच सौ के सैकड़ों नोट समेत लाखों का नुकसान, परिवार हुआ बेघर

चांडिल । नीमडीह थाना क्षेत्र के बामनी गांव में शनिवार की आधी रात को आग लग जाने से एक घर जलकर खाक हो गया। जिसमें लाखों के संपत्ति का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि आग लगने के बाद घर में रह रहे परिवार के सदस्यों ने भागकर अपनी जान बचाई। गृहस्वामी कालीपद सिंह ने बताया कि रात करीब 12 बजे अचानक उसके पुआल के घर में आग लग गई। चारों ओर आग की लपटें फैल गई थी। लेकिन किसी तरह जान बचाकर पूरा परिवार घर से बाहर निकल आया। पीड़ित ने बताया कि आग लगने के कारण उसके घर में रखे नकद 70 हजार रुपए के नोट, आभूषण, राशन सामग्री, कपड़े, बतख, मुर्गा इत्यादि जलकर खाक हो गया है। आकलन किया जा रहा है कि घर समेत करीब तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ है। बताया कि कालीपद सिंह का बेटा चेन्नई में काम करता है, उसने पिछले दिनों एक साल का वेतन रखने को दिया था। घर जलने से कालीपद सिंह का पूरा परिवार बेघर हो गया है। अब सिर ढकने को भी जगह नहीं है। हालांकि अभी तक आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है।
घटना की सूचना मिलने पर जनसेवा ही लक्ष्य के संस्थापक हरेलाल महतो के भाई देवराज महतो अपने कार्यकर्ताओं के साथ बामनी गांव पहुंचे और घटना की जानकारी ली। देवराज महतो ने तत्काल पीड़ित परिवार को राशन सामग्री और सिर ढकने को तिरपाल दिया। वहीं, देवराज महतो ने चांडिल एसडीओ से फोन पर बात की और घटना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने तत्काल पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का मांग किया। इधर, नीमडीह प्रखंड प्रमुख असित सिंह पात्र ने बताया कि उन्होंने घटना के संबंध में प्रखंड के अधिकारियों को जानकारी दी है और तत्काल पीड़ित परिवार के लिए राशन सामग्री, कपड़े तथा सरकारी योजना के तहत आवास स्वीकृत करने को कहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि नीमडीह पुलिस ने मामले की छानबीन की है लेकिन प्रशासन की ओर से अबतक पीड़ित परिवार को किसी तरह का सहायता नहीं मिला है। इस मौके पर देवराज महतो, नीमडीह प्रमुख असित सिंह पात्र, शेखर गांगुली, राजकिशोर महतो, पशुपति महतो, मेघलाल महतो आदि मौजूद थे।

Share this News...