चांडिल: चांडिल डैम के निकट शीश महल में रविवार को झारखंड पुलिस एसोसिएशन का नववर्ष मिलन समारोह आयोजित हुआ। मौके पर पूर्व महामंत्री चंद्रगुप्त सिंह व कमल किशोर, पूर्व उपाध्यक्ष जयपाल सिरका, पूर्व संयुक्त सचिव तारकेश्वर प्रसाद, पूर्व संगठन सचिव राजकुमार दहाल व अंजनी कुमार यादव, झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन के महामंत्री डीएसपी बुधराम उरांव, संयुक्त सचिव डीएसपी परवेज आलम, झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के महामंत्री रमेश उरांव, झारखंड चतुर्थ वर्ग एसोसिएशन के केंद्रीय पदाधिकारी एवं झारखंड पुलिस लिपिक एसोसिएशन केंद्रीय पदाधिकारी अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय
अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने की। जबकि कार्यक्रम को सफल बनाने में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष (1) मोहम्मद महताब आलम, उपाध्यक्ष (2) रोहित रजक, महामंत्री संजीव कुमार, संयुक्त सचिव (1) संतोष कुमार महतो, संयुक्त सचिव (2) राकेश पांडे, कार्यकारी सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य, प्रक्षेत्र मंत्री, क्षेत्रीय मंत्री, सभी जिला वाहिनी इकाई एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस दौरान लंबित कार्यों को पूरा करने एवं प्रोन्नति संबंधी मामलों का निपटारा करने हेतु एसोसिएशन के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। रांची प्रक्षेत्र के मंत्री भागवत मुर्मू ने बताया कि कार्यक्रम के अंत में आयोजित कोर कमेटी की बैठक के पूर्व समस्त दिवंगत साथियों की आत्मा की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद संगठन के अब तक के कार्यों की समीक्षा के उपरांत भविष्य की रणनीति तय की गई। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी संगठन में कमियां होना स्वाभाविक है लेकिन खामियां नहीं होनी चाहिए, क्योंकि खामियां होने से संगठन का अस्तित्व पर सवाल खड़ा होने लगता है। इसमें सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने अपने सेवाकाल के दौरान हुई प्रमुख घटनाओं का उल्लेख करते हुए वर्तमान में अपनी सेवाएं प्रदान करने वाले अधिकारियों को महत्वपूर्ण सुझाव दिया। साथ ही संगठन के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों एवं संगठन की उपलब्धियों को भी सभी के समक्ष रखा। प्रकृति की गोद में बसे चांडिल डैम में राज्यभर से सैकड़ों की संख्या में पहुंचे पुलिस के पदाधिकारियों ने वनभोज का आनंद उठाया।
