24 घंटे में जमशेदपुर में 85 मिमी हुई बारिश, अगले तीन दिनों तक रहेगा असर, 1 जून 2025 से अब तक शहर में कुल 1559.01 मिमी वर्षा दर्ज

 

जमशेदपुर : उत्‍तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया एवं रांची से गुजर रहे मॉनसून टर्फ के चलते जमशेदपुर समेत राज्य के कई जिलों में आज से मूसलाधार बारिश शुरू हो रही है। इसका प्रभाव 25 अगस्‍त तक रहेगा। इसके चलते शुक्रवार से शुरू हुई बारिश शनिवार सुबह तक जारी रही। इसके चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। निचले इलाकों में जल जमाव की स्थिति बनी रही। जिले की  दोनो नदियां स्वर्णरेखा एवं खरखाई खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैँ। मौसम विभाग के शनिवार सुबह 10 बजे तक जारी आंकड़े के अनुसार 24 घंटे में जमशेदपुर में कुल 85.2 मिमी बारिश हुईं। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश लातेहार के चंदवा में 205 मिमी, दूसरे स्थान पर पश्चिम सिंहभूम के मनोहरपुर में 186 मिमी, गुमला 162 मिमी, चतरा के मयूरहंड में 136 मिमी, रांची में 120 मिमी बारिश हुई है।


मौसम केंद्र के अनुसार राज्‍य में अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले 3 दिन कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
जमशेदपुर में आज का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस कम है। यहां 24 घंटे में 3.4 डिग्री तापमान की कमी आई है। न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस किया गया जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम है। यहां भी 24 घंटे में 1.2 डिग्री तापमान की कमी आई है। हवा में नमी की मात्रा यानी आर्द्रता अधिकतम 97% एवं न्यूनतम 73% दर्ज किया गया। मालूम हो कि 1 जून 2025 से अब तक जमशेदपुर में कुल 1559.01 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है जो सामान से 25% ज्यादा है।

लगातार हो रही बारिश की वजह से कल रात शहर के कई निचले इलाकों में पानी घुस गया.आधी रात तक सड़क पर लबालब पानी भरा हुआ था.

Share this News...