अन्विति’ के तत्वावधान में शुरु हुआ चार दिवसीय राष्ट्रीय कला शिविर, देश के जाने-माने 25 कलाकार पहुंचे हैं कैंप में जमशेदपुर

कला प्रोत्साहन के लिए वन विभाग तैयारःस्मिता पंकज

जमशेदपुर। प्रसिद्ध चित्रकार मुक्ता गुप्ता की संस्था अन्विति के तत्वावधान में गुरुवार को वन विभाग के गेस्ट हाउस प्रांगण में चार दिनों तक चलने वाले नेशनल आर्ट कैंप की शुरुआत हुई। आर्ट कैंप की शुरुआत क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक (आरसीसीएफ) स्मिता पंकज ने की।

मुख्य अतिथि स्मिता पंकज ने अपने भाषण में इस आर्ट कैंप की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन जमशेदपुर में होते रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि कला को प्रोत्साहित करने के लिए वन विभाग हरसंभव मदद देने को तैयार है। उन्होंने कलाकारों का आह्वान किया कि वे अपने कैनवास पर प्रकृति को उतारें, दलमा को उतारें, लोगों को इसके बारे में अच्छी जानकारियां दें।

स्मिता पंकज ने कहा कि कला-संस्कृति को बढ़ावा देने में वन विभाग कभी पीछे नहीं रहेगा। इतने कलाकारों को, जो देश भर से आए हैं, उन्हें देख कर काफी अच्छा लग रहा है।
इसके पूर्व क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक (आरसीसीएफ) और अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। जमशेदपुर के डीएफओ सबा आलम अंसारी, अन्विति की अध्यक्षा मुक्ता गुप्ता, जेआरजीके बैंक के रीजनल मैनेजर श्रीकांत कतारे, दयाल बिल्डर्स के सुंदर पाल, वरीय समाजसेवी पूर्वी घोष आदि मंचासीन थे।

इस कैंप में अर. अखिलेश (भोपाल), रामानुज शेखर (रांची), जॉयदेव चटर्जी (जमशेदपुर), बिप्लब रॉय (जमशेदपुर), ओंकार सिंह (दिल्ली), अशोक कुमार मइती (जमशेदपुर), कृष्णा महतो (जमशेदपुर), कौशलश कुमार (असम), पब्लिक विश्वास (जमशेदपुर), नरेंद्र कुमार (बक्सर), डॉ. मल्लिकार्जुन बगोडी (कलाबुर्गी), अनूप सिन्हा (जमशेदपुर), संजय मजूमदार (कोलकाता), दिपांकर कर्मकार (रांची), रंजीत कुमार (बोकारो), एच. पी. मुखी (जमशेदपुर), लालोन दत्ता (जमशेदपुर), तपोन रॉय (जमशेदपुर), विषेन्द्र नारायण सिंह (जमशेदपुर), प्रशांत त्रिपाठी (देवबंद, सहारनपुर), चंदन कुमार (मुज़फ़्फ़रपुर) और अल्बर्ट अशोक (कोलकाता) मौजूद रहे। इन सभी कलाकारों का स्मिता पंकज, पूर्वी घोष, मुक्ता गुप्ता, श्रीकांत कतारे आदि ने शॉल और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

Share this News...