डॉ सोनाझरिया मिंज यूनेस्को की को-चेयरपर्सन नियुक्त, सीएम हेमंत सोरेन ने दी बधाई

रांची-झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज शनिवार को रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय (दुमका) की पूर्व कुलपति डॉ सोनाझरिया मिंज ने मुलाकात की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डॉ सोनाझरिया मिंज को यूनेस्को की को-चेयरपर्सन नियुक्त होने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विश्वास जताया कि डॉ सोनाझरिया मिंज यूनेस्को की को-चेयरपर्सन के रूप में कार्य करते हुए आदिवासी भाषा, संस्कृति, विरासत जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को मजबूती प्रदान करेंगी.
आदिवासी समुदायों के लिए बहुत गर्व की बात-हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वे समस्त झारखंडवासी एवं विशेष तौर पर आदिवासी समुदाय की ओर से आपको शुभकामनाएं देते हैं. यह झारखंड के आदिवासी समुदायों के लिए बहुत गर्व की बात है कि आपके द्वारा किए जाने वाले कार्यों से आदिवासी समुदाय के मुद्दे, उनके आत्मनिर्णय के अधिकार एवं ज्ञान प्रणाली को वैश्विक मंच प्रदान होगा.

कौन हैं डॉ सोनाझरिया मिंज?

डॉ सोनाझरिया मिंज झारखंड की आदिवासी बिटिया हैं. गुमला जिले की रहनेवाली हैं. दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय से पढ़ाई की हैं. दुमका के सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय की कुलपति रह चुकी हैं. अब इन्हें एक और जिम्मेदारी दी गयी है. वह यूनेस्को की को-चेयरपर्सन नियुक्त की गयी हैं.

Share this News...